15 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद सियावा जैन तीर्थ में पंचकल्याणक महोत्सव की तिथियां घोषित
29 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक आचार्य श्री सुरदेवसागर जी महाराज के सान्निध्य में होंगे आयोजन

जैन फोकस
राजस्थान- सिरोही जिले के आबूरोड स्थित श्री दिगंबर जैन वर्धमान तीर्थ क्षेत्र सियावा में करीब 15 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद श्री 1008 मूलनायक गजरथ जिनालय एवं मानस्तंभ का पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। महोत्सव की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। यह भव्य आयोजन आगामी वर्ष 2027 में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक गणाधिपति गणधराचार्य श्री कुंथुसागर जी गुरुदेव सहित सकल संघ के मंगल आशीर्वाद तथा बालयोगी आचार्य श्री 108 सुरदेवसागर जी महाराज के ससंघ सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
तीर्थ क्षेत्र में इस महोत्सव की अग्रिम तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। लंबे समय से इस मंगल अवसर की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर उत्साह है। श्री दिगंबर जैन वर्धमान तीर्थ क्षेत्र वर्तमान ट्रस्ट की ओर से समस्त गुरु भक्त परिवारों को आमंत्रित किया गया है।
महोत्सव के दौरान पंडित प्रवर श्री प्रदीप जी मधुर, मुंबई एवं श्री संदीप जी सजल, हस्तिनापुर के मंत्रोच्चार के साथ पंचकल्याणक की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी। जिनालय एवं मानस्तंभ की प्रतिष्ठा का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए धर्माराधना और पुण्यार्जन का विशेष माध्यम बनेगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए ट्रस्ट के महामंत्री जे.पी. जैन ने बताया कि 15 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आयोजित होने जा रहे इस महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र जी जैन, सिरोही सहित पूरी टीम आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है। तीर्थ क्षेत्र में होने वाला यह पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव सियावा जैन समाज के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है।
