आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज के छठवें समाधि वर्ष पर मनेगा गुरु स्मृति दिवस
गाजियाबाद के सूर्य नगर में आयोजित समारोह में अनेक संतों एवं आर्यिका माताजी का मिलेगा मंगल सान्निध्य
· जैन स्थानक में सुबह 11 बजे से शुरू होगा गुरु स्मृति दिवस समारोह · मुनिश्री ज्ञानसागर जी महाराज सहित अनेक संतों एवं आर्यिका माताजी का सान्निध्य · जैन भजन सम्राट रूपेश जैन, इंदौर बनाएंगे भक्ति का समां · श्री ज्ञान वर्षायोग समिति, सूर्य नगर द्वारा किया जा रहा आयोजन

जैन फोकस
उत्तर प्रदेश- जैन धर्म की साधना, तप और त्याग की परंपरा को समर्पित सराकोद्धारक षष्ठपट्टाचार्य श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज के छठवें समाधि वर्ष के अवसर पर गाजियाबाद में गुरु स्मृति दिवस समारोह मनाया जाएगा। 15 नवंबर को सूर्य नगर स्थित जैन स्थानक में सुबह 11 बजे से शुरु होने वाले इस समारोह में अनेक संतों एवं आर्यिका माताजी का मंगल सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त होगा। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल है।
समारोह में मुनिश्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज, मुनिश्री नियोग सागर जी महाराज एवं पूज्य गणिनी आर्यिका श्री 105 अंतर्मति माताजी, पूज्य आर्यिका श्री 105 सुज्ञानमती माताजी एवं पूज्य आर्यिका श्री 105 दयामति माताजी का मंगल सान्निध्य प्राप्त होगा। वहीं आचार्य श्री ज्ञेयसागर जी महाराज, गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्ति भूषण माताजी एवं गणिनी आर्यिका श्री 105 आर्षमती माताजी का मंगल आशीर्वाद भी समारोह को प्राप्त है।
इस अवसर पर जैन भजन सम्राट रूपेश जैन, इंदौर की विशेष उपस्थिति रहेगी। वे अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में भक्ति और आध्यात्मिकता का रंग भरेंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ एवं पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया है।
गुरु स्मृति दिवस के माध्यम से श्रद्धालु आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज के तप, त्याग, संयम, साधना और धर्म प्रभावना के कार्यों का स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी विनयांजलि अर्पित करेंगे। इस भव्य आयोजन का संयोजन श्री ज्ञान वर्षायोग समिति, सूर्य नगर, गाजियाबाद द्वारा किया जा रहा है।
