आचार्य श्री समयसागर जी के दर्शनार्थ पहुंचे मध्यप्रदेश सरकार के दो मंत्री
खजुराहो जैन मंदिर निर्माण पर भी हुई चर्चा

जैन फोकस
मध्य प्रदेश- भोपाल में चातुर्मासरत आचार्यश्री 108 समयसागर जी महाराज के दर्शनार्थ मध्यप्रदेश सरकार के दो मंत्री पहुंचे। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री तथा रतलाम जिले के प्रभारी मंत्री श्री चैतन्य कश्यप ने आचार्यश्री के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने भी संघनायक के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान खजुराहो जैन मंदिर निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य कश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से आचार्यश्री को नमोस्तु निवेदित किया। इसके साथ ही उन्होंने रतलाम में कश्यप फाउंडेशन द्वारा संचालित अहिंसा ग्राम की गतिविधियों और वहां किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अहिंसा ग्राम के माध्यम से समाज में अहिंसा, सेवा एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों से भी आचार्यश्री को अवगत कराया।
इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों एवं दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष, ट्रस्टी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। समाजजनों ने आगंतुक मंत्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
