अहमदाबाद में 17 नवंबर से होगा श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान
25 नवंबर को विश्वशांति महायज्ञ के साथ होगा विधान का विधिवत समापन
जैन फोकस
गुजरात- अहमदाबाद के ओढव स्थित धनलक्ष्मी सोसायटी के श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में 17 से 25 नवंबर तक श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आर्यिका मां 105 विज्ञानमति माताजी के पावन सान्निध्य में होने वाले इस नौ दिवसीय महोत्सव में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, विधान और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन के विशेष आकर्षणों में 18 नवंबर को भव्य दीक्षा दिवस समारोह तथा 22 नवंबर को पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव शामिल हैं। पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव दोपहर एक बजे से आयोजित होगा। आयोजन के दौरान आर्यिका संघ का सान्निध्य और मंगल प्रवचन भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे।
महोत्सव का आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज, अहमदाबाद के निवेदन पर किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजन में श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन तेरापंथी मंदिर समाज एवं ट्रस्ट के साथ महिला मंडल, नवयुवक मंडल और बालिका मंडल की सहभागिता रहेगी।
