अशोक वाटिका में गूंजेगी माता सीता के त्याग और तपस्या की गाथा, दिसंबर में सजेगा सीतोत्सव 2026
मथुरा की सांसद हेमा मालिनी और दीपिका चिखलिया को दिया आमंत्रण, तीन दिवसीय आयोजन में जुटेंगी सांस्कृतिक एवं धार्मिक हस्तियां
• 17 से 19 दिसंबर तक श्रीलंका के नूवारा एलिया स्थित ऐतिहासिक अशोक वाटिका में होगा सीतोत्सव • डॉ. मणीन्द्र जैन ने अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी और अभिनेत्री दीपिका चिखलिया से की मुलाकात • माता सीता के त्याग, धैर्य, साहस और आदर्शों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है आयोजन का उद्देश्य • आयोजन की तैयारियों को लेकर श्रीलंका के विदेश एवं पर्यटन मंत्रियों से की चर्चा

जैन फोकस
श्रीलंका- माता सीता के त्याग, तपस्या, धैर्य और आदर्शों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्रीलंका की ऐतिहासिक अशोक वाटिका में तीन दिवसीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। दिसंबर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को ‘सीतोत्सव 2026’ नाम दिया गया है। इसी वर्ष 17 से 19 दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि आयोजन से भारतीय फिल्म जगत की उन हस्तियों को भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने पर्दे पर भारतीय संस्कृति और रामायण के पात्रों को जीवंत किया है।
इसी कड़ी में श्री दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सीतोत्सव 2026 के अध्यक्ष डॉ. मणीन्द्र जैन ने मुंबई में फिल्म अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी तथा धारावाहिक रामायण में माता सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों को सीतोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुलाकात में सनातन एवं जैन धर्म के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य पर भी चर्चा हुई।
सीतोत्सव का आयोजन श्रीलंका के नूवारा एलिया स्थित ऐतिहासिक अशोक वाटिका में किया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी स्थान पर रावण ने माता सीता को बंदी बनाकर रखा था। आयोजन का मुख्य उद्देश्य माता सीता के त्याग, धैर्य, साहस और आदर्श जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा देना है।
इस आयोजन का नेतृत्व एशियन अरब चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन एवं पीपुल्स स्कार्क के मुख्य ट्रस्टी डॉ. मणीन्द्र जैन कर रहे हैं। वहीं, सनातनी गंगा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण भी इसमें संयुक्त भूमिका निभा रहे हैं।
सीतोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डॉ. मणीन्द्र जैन, कैप्टन प्रवीण, उनकी पत्नी सुरभि तथा श्रीलंका के सहयोगी जी. कुमार एवं हिमांशु किशोर ने अशोक वाटिका का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अशोक वाटिका के साथ भगवान हनुमान जी के मंदिर में भी दर्शन किए। इसके बाद श्रीलंका के विदेश मंत्री, पर्यटन मंत्री और अशोक वाटिका क्षेत्र के सांसद श्री राधाकृष्णन के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सीतोत्सव 2026 के माध्यम से माता सीता के जीवन मूल्यों और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की योजना है। अब इस तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियों के साथ देश-विदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक हस्तियों को जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं
