बच्चों की रचनात्मकता और धार्मिक ज्ञान का संगम बना जॉय फेस्ट एग्जीबिशन
साध्वी अर्चितगुणाश्री के सान्निध्य में बच्चों ने जम्बूद्वीप, कर्म सिद्धांत और जैन जीवनशैली पर लगाए आकर्षक स्टॉल
· फलवृद्धि पार्श्वनाथ जिनालय के एस.एस. मेहता साधना संकुल हॉल में हुआ आयोजन · धार्मिक ज्ञान, व्यवहारिक योग्यता, सात्विक आहार और जैन फूड पर केंद्रित रही प्रदर्शनी · बच्चों ने जैन धर्म से जुड़े 10 विषयों पर प्रेजेंटेशन और प्रोजेक्ट किए प्रस्तुत · प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत, खेलों में विजेताओं को मिले उपहार
जैन फोकस
जोधपुर- बच्चों की रचनात्मकता, धार्मिक ज्ञान और व्यवहारिक कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दधीच नगर स्थित फलवृद्धि पार्श्वनाथ जिनालय के एस.एस. मेहता साधना संकुल हॉल में साध्वी अर्चितगुणाश्री के सान्निध्य में जॉय फेस्ट एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। फलवृद्धि तपागच्छ संघ के तत्वावधान में इस प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी कला, हुनर और ज्ञान के माध्यम से आकर्षक स्टॉल सजाईं।
प्रदर्शनी में धार्मिक ज्ञान की अभिवृद्धि, व्यवहारिक योग्यता, सात्विक आहार और जैन फूड को केंद्र में रखा गया। बच्चों ने जम्बूद्वीप, मंगल स्पेक्ट्रम, कर्मों की फिलॉसफी, कर्मों की फैक्ट्री, सूर्यास्त के पहले सेहत के सवेरे और टाइम साइकल जैसी विषय आधारित स्टॉल लगाकर आगंतुकों को विस्तार से जानकारी दी। प्रोजेक्टर के माध्यम से ‘पेट है कब्रिस्तान नहीं’ और ‘जैन कॉस्मोलॉजी क्या है’ जैसे विषयों पर भी प्रस्तुति दी गई। इसमें सात्विक एवं तामसिक आहार के गुण-दोषों को समझाया गया।
संघ के ट्रस्टी श्रवण दुगड़ एवं विनोद सुराणा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक संस्कारों के साथ रचनात्मकता और व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना है। अध्यक्ष पद्मराज दुगड़ एवं विवेक सालेचा ने बताया कि जॉय फेस्ट में प्रतिभागियों ने जैन धर्म से जुड़े 10 विषयों पर प्रेजेंटेशन दिए और ड्राइंग एवं प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।
आयोजन में जैन फन एवं फूड के लिए भी अलग-अलग स्टॉल लगाई गईं। बच्चों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शानदार प्रेजेंटेशन और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने वाले बच्चों को संघ की ओर से पुरस्कृत किया गया, वहीं खेलों में विजेताओं को मौके पर ही उपहार प्रदान किए गए। चार घंटे तक चली इस प्रदर्शनी में आगंतुकों ने बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। इस आयोजन की जानकारी फलवृद्धि तपागच्छ संघ के दिलीप जैन एवं सचिव विक्रम बागरेचा ने दी।
