बाहरी यात्रा रुक सकती है, लेकिन साधक की अंतर्यात्रा जारी रहती है : मुनि समतासागर जी

जैन फोकस
मध्यप्रदेश- सिद्धक्षेत्र कुंडलपुर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए निर्यापक मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने कहा कि चातुर्मास में साधक की बाहरी यात्रा भले ही रुक जाती है, लेकिन उसकी अंतर्यात्रा निरंतर जारी रहती है। बाहरी यात्रा में शरीर चलता है, जबकि आध्यात्मिक यात्रा में आत्मा के निकट पहुंचने का पुरुषार्थ किया जाता है। अपने विशुद्ध भावों के माध्यम से आत्मा की ओर बढ़ना ही वास्तविक आध्यात्मिक यात्रा है।
मुनिश्री ने कहा कि शरीर को स्वच्छ रखने के साथ मन को स्वच्छ रखना भी अत्यंत आवश्यक है। शरीर की शुद्धि चरणानुयोग में महत्वपूर्ण है, जबकि परिणामों की शुद्धि करणानुयोग में विशेष महत्व रखती है। वास्तविक अंतर्यात्रा परिणामों की निर्मलता से ही संभव होती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में ऐसे विचारों को स्थान देना चाहिए, जो स्वयं के साथ दूसरों के जीवन को भी सुंदर बनाएं। विचार ही हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। मन में बुरे विचार, ईर्ष्या, द्वेष और वैमनस्य के भाव व्यक्तित्व को दूषित करते हैं, जबकि प्रेम, करुणा, सद्भावना और मैत्री के भाव जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं।
