भेलूपुर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ पिच्छिका परिवर्तन समारोह
मुनिश्री धर्मसागर जी एवं मुनिश्री भावसागर जी महाराज को श्रद्धालुओं ने भेंट की नवीन पिच्छी
· श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में हुआ धार्मिक आयोजन · भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक के साथ समारोह का हुआ शुभारंभ · मुनिराजों के गृहस्थ जीवन के परिजनों ने भी की सहभागिता · मुनि श्री भावसागर जी महाराज ने बताया पिच्छिका का आध्यात्मिक महत्व

जैन फोकस
उत्तर प्रदेश- वाराणसी के भेलूपुर स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में मुनि श्री 108 धर्मसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 भावसागर जी महाराज के सान्निध्य में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर की आकर्षक साज-सज्जा के बीच भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ पिच्छिका परिवर्तन की मंगल क्रियाएं संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं ने दोनों मुनिराजों को नवीन पिच्छिकाएं भेंट कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पिच्छिकाओं को नगर भ्रमण कराया गया, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धर्मलाभ लिया।
समारोह में मुनि श्री धर्मसागर जी महाराज के गृहस्थ जीवन से जुड़े परिजन एवं परिवारजन भी शामिल हुए। इस दौरान मुनिश्री भावसागर जी महाराज ने पिच्छिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जैन साधु जीवन में अहिंसा, जीवदया और संयम का प्रतीक बताया। श्री दिगंबर जैन समाज (काशी), वाराणसी के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
