भीलवाड़ा में आचार्य पुलक सागर जी का भव्य मंगल प्रवेश, जैन-अजैन परिवारों ने किया स्वागत
कांचीपुरम में बैंड-बाजों के साथ हुई अगवानी, गुरुदेव ने समाज की उन्नति को बताया संत की प्रसन्नता का आधार
बापूनगर से विहार कर पार्श्वनाथ सोसायटी स्थित कांचीपुरम पहुंचे आचार्यश्री पुष्पवर्षा, आरती और पाद प्रक्षालन कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत समाजसेवी महावीर चौधरी सहित विभिन्न सोसायटियों के पदाधिकारियों का हुआ सम्मान गुरुदेव बोले, समाज के लोगों को आगे बढ़ते देखकर संत को होती है प्रसन्नता

जैन फोकस
राजस्थान- भीलवाड़ा में राष्ट्रसंत मनोज्ञाचार्य भारत गौरव आचार्यश्री 108 पुलक सागर जी महाराज ससंघ का मंगलवार को पार्श्वनाथ कॉलोनी स्थित कांचीपुरम में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। बापूनगर से विहार करते हुए गुरुदेव के आगमन पर जैन समाज के साथ कॉलोनी के जैन एवं अजैन परिवारों में भी उत्साह देखने को मिला। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं पाद प्रक्षालन कर गुरुदेव का भावभीना स्वागत किया।
प्रातः साढ़े आठ बजे कांचीपुरम के गेट नंबर दो पर श्रद्धालुओं ने गुरुदेव की अगवानी की। इसके बाद आचार्यश्री अरिहंत नगर स्थित जैन मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन के पश्चात पार्श्वनाथ सोसायटी पधारे। यहां निहालचंद एवं लोकेश अजमेरा के निवास पर गुरुदेव का एक दिवसीय प्रवास रहेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कांचीपुरम की बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा णमोकार मंत्र और मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी महावीर चौधरी सहित पार्श्वनाथ कॉलोनी, नवकार ग्रीन्स, णमोकार रॉयल एवं कांचीपुरम सोसायटी के पदाधिकारियों का साफा और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
मंगल प्रवचन में आचार्यश्री पुलक सागर जी महाराज ने समाज की उन्नति और संतों के प्रति श्रद्धा के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज का कोई व्यक्ति जब जीवन में आगे बढ़ता है और सफलता की ऊंचाइयों को छूता है, तो संत को सबसे अधिक प्रसन्नता होती है। उन्होंने माली और बेल का उदाहरण देते हुए समझाया कि जिस प्रकार माली अपनी लगाई बेल को बढ़ते और ऊंचाइयों तक पहुंचते देखकर प्रसन्न होता है, उसी प्रकार समाज के व्यक्ति की तरक्की देखकर संत का हृदय भी आनंदित होता है।
गुरुदेव ने समाजसेवी महावीर चौधरी का उल्लेख करते हुए उनके संतों के प्रति श्रद्धा-भाव की सराहना की। उन्होंने भीलवाड़ा में चातुर्मास समाप्त होने के बाद भी विभिन्न कॉलोनियों और जिनालयों में बने धार्मिक वातावरण एवं श्रद्धालुओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां का माहौल देखकर ऐसा लगता है, मानो चातुर्मास फिर से शुरू हो गया हो।
