शुक्रवार, 20 नवंबर 2026

जिनवाणी

?? ?? ???, ?? ???

प्रभु महावीर के निर्वाण कल्याणक के रुप में देशभर में मनाई जाएगी दीपावली

बिहार-निर्वाण भूमि पर गूंजेगा प्रभु महावीर स्वामी के जयकारों का उद्घोष, पावापुरी में तीन दिवसीय महोत्सव

: 7 से 9 नवंबर तक 2552वें निर्वाण महोत्सव में देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु, निर्वाण लाडू अर्पित करने का मिलेगा अवसर

• भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण भूमि पावापुरी में 7 से 9 नवंबर तक होगा भव्य आयोजन • तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, विधान, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे • 7 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री के आगमन एवं स्वागत का कार्यक्रम • श्रद्धालु भगवान महावीर स्वामी के चरणों में अर्पित करेंगे निर्वाण लाडू

भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण स्थली श्री पावापुरी स्थित दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र का भव्य प्रवेश द्वार।
भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण स्थली श्री पावापुरी स्थित दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र का भव्य प्रवेश द्वार।

जैन फोकस

बिहार- वर्तमान शासन नायक एवं अंतिम 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण भूमि श्री पावापुरी एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास की साक्षी बनने जा रही है। बिहार के नालंदा जिले में स्थित इस पावन सिद्धक्षेत्र में भगवान महावीर स्वामी का 2552वां निर्वाण महोत्सव सह पावापुरी महोत्सव 7 से 9 नवंबर तक आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर से श्रद्धालु पहुंचकर भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित करेंगे और धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।

भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण स्थली पावापुरी जैन समाज के प्रमुख तीर्थों में विशेष स्थान रखती है। इसी पावन स्मृति में आयोजित होने वाले महोत्सव के दौरान तीनों दिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे। जिसकी शुरुआत 7 नवंबर को अभिषेक, नित्य पूजन, ध्वजारोहण और भगवान महावीर समवशरण विधान के साथ होगी। दोपहर में बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन एवं स्वागत का कार्यक्रम निर्धारित है। इसी के साथ बिहार राज्य के महामहिम राज्यपाल को भी आमंत्रित किया गया है। इसके बाद मंगल कलश, शोभायात्रा और समारोह स्थल पर ध्वजारोहण सहित अन्य आयोजन होंगे।

8 नवंबर को भगवान महावीर स्वामी का मस्तकाभिषेक, विधान, आरती, प्रवचन, संगीत एवं भजन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 9 नवंबर को जल मंदिर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का अभिषेक एवं पूजन होगा। इसके बाद जल मंदिर से समवशरण मंदिर तक रथयात्रा निकाली जाएगी। समवशरण मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का मस्तकाभिषेक एवं निर्वाण लाडू चढ़ाने का कार्यक्रम भी रखा गया है। इस दिन प्रातः आठ बजे से दस बजे तक सामूहिक अष्टद्रव्य अर्घ्यदान होगा।

इस अवसर पर उद्घाटनकर्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के राज्यपाल श्री सैयद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के शामिल होने की पूरी संभावना है। आयोजन श्री पावापुरी जी दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र के तत्वावधान में बिहार स्टेट दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं को सपरिवार पहुंचकर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया गया है।