गोल्ड मेडल, सिविल जज का चयन... फिर भी चुना संयम का मार्ग, पांच बहनें लेंगी जैनेश्वरी दीक्षा
बैतूल की प्रखरश्री दीदी सहित पांच बहनें 22 नवंबर को सोनागिर जी में लेने जा रहीं दीक्षा
• बैतूल की बेटी प्रखरश्री दीदी ने शैक्षणिक उपलब्धियों और सांसारिक जीवन से ऊपर चुना आत्मकल्याण का मार्ग • BA, LLB, LLM और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से हासिल किया गोल्ड मेडल • सिविल जज के लिए चयनित प्रखरश्री दीदी के साथ चार अन्य बहनें भी लेंगी जैनेश्वरी दीक्षा • 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को बैतूल में सकल जैन समाज ने किया पांचों दीक्षार्थी बहनों का अभिनंदन

जैन फोकस
मध्यप्रदेश- कभी हाथों में गोल्ड मेडल तो कभी सामने सिविल जज बनने का सुनहरा भविष्य... लेकिन जब मन में वैराग्य के भाव जागे तो सांसारिक उपलब्धियों से ऊपर संयम और आत्मकल्याण का मार्ग ही चुना।यह प्रेरणादायी प्रसंग है बैतूल की बेटी बाल ब्रह्मचारिणी प्रखरश्री दीदी का, जिन्होंने जैनेश्वरी दीक्षा का संकल्प लिया है। 22 नवंबर को दतिया जिले के सिद्धक्षेत्र श्री सोनागिर जी में गणिनी आर्यिका 105 विशाश्री माताजी के पावन सान्निध्य में प्रखरश्री दीदी सहित पांच बहनें जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगी।
शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देने वाली प्रखरश्री दीदी ने बीए, एलएलबी, एलएलएम और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। उनका चयन सिविल जज के लिए भी हुआ है। इसके बावजूद उन्होंने सांसारिक उपलब्धियों के बजाय संयम और साधना का मार्ग अपनाने का निर्णय लिया। उनके इस त्याग की जैन समाज में हर ओर अनुमोदना हो रही है।
प्रखरश्री दीदी के साथ ब्र्र्र रंगोली दीदी सहित अन्य तीन बहनें भी सांसारिक जीवन का त्याग कर दीक्षा ग्रहण करने जा रही हैं। इस अवसर को लेकर 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को बैतूल में सकल जैन समाज की ओर से पांचों दीक्षार्थी बहनों के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर में भव्य चल समारोह भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर दीक्षार्थी बहनों के त्याग और संयम मार्ग की अनुमोदना की।
अब सभी की निगाहें 22 नवंबर को सिद्धक्षेत्र श्री सोनागिर जी में होने वाले दीक्षा समारोह पर टिकी हैं, जहां पांचों बहनें गणिनी आर्यिका 105 विशाश्री माताजी के सान्निध्य में जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण कर अपने नए आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत करेंगी।
