गोल्ड मेडलिस्ट, चार्टर्ड अकाउंटेंट और लंदन में सिविल जज के लिए चयनित युवतियों ने चुना संयम का मार्ग
बड़नगर में पांच दीक्षार्थी बहनों की निकली भव्य बिनौली, 22 नवंबर को सिद्धक्षेत्र सोनागिरि में ग्रहण करेंगी आर्यिका दीक्षा
· उच्च शिक्षा और प्रतिष्ठित करियर छोड़कर पांचों बहनों ने आत्मकल्याण के लिए चुना वैराग्य का पथ · श्री शांतिनाथ मंदिर से स्वाध्याय भवन तक निकली भव्य बिनौली, समाजजनों ने किया बहुमान · एलएलबी में गोल्ड मेडल, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एलएलएम और सीए जैसी उपलब्धियां · श्रमणी गणिनी आर्यिका 105 विशाश्री माताजी के सान्निध्य में होगा दीक्षा समारोह

जैन फोकस
मध्यप्रदेश- लाखों के पैकेज, प्रतिष्ठित पद, उच्च शिक्षा और सुनहरे करियर की उपलब्धियां भी जब आत्मकल्याण की भावना के सामने छोटी पड़ जाएं, तो वैराग्य का ऐसा उदाहरण सामने आता है, जो समाज को गहराई तक प्रेरित करता है। मध्यप्रदेश के बड़नगर में पांच उच्च शिक्षित युवतियों ने सांसारिक सुख-सुविधाओं और पेशेवर उपलब्धियों को पीछे छोड़कर संयम एवं साधना का मार्ग चुना है। 22 नवंबर को ये पांचों बहनें सोनागिरि सिद्धक्षेत्र में आर्यिका जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगी। चार नवंबर को बड़नगर पहुंचीं इन दीक्षार्थी बहनों का जैन समाज ने भव्य बिनौली निकालकर भावपूर्ण स्वागत एवं बहुमान किया।
श्री शांतिनाथ मंदिर से निकली भव्य बिनौली
दीक्षार्थी बहनों के नगर आगमन पर जैन समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। शाम को श्री शांतिनाथ मंदिर से भव्य बिनौली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्वाध्याय भवन पहुंची। बिनौली में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मार्ग में श्री शांतिनाथ, श्री चंद्रप्रभु और श्री पार्श्वनाथ मंदिर सहित विभिन्न जैन परिवारों की ओर से बहनों की गोदभराई की गई। श्रद्धालुओं ने संयम पथ पर अग्रसर होने के उनके निर्णय की सराहना करते हुए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
किसी ने हासिल किया गोल्ड मेडल, तो कोई है चार्टर्ड अकाउंटेंट
पांचों दीक्षार्थी बहनों की शैक्षणिक एवं पेशेवर उपलब्धियां भी विशेष चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सहारनपुर निवासी प्रखरश्री दीदी ने एलएलबी में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एलएलएम की पढ़ाई की और लंदन में सिविल जज के पद के लिए चयनित हुईं। वहीं सारंगपुर निवासी रंगोली दीदी चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और करीब दस वर्षों तक पेशेवर सेवाएं दे चुकी हैं।
ग्वालियर निवासी सोनम दीदी ने फाइन आर्ट्स में एमए किया है। भिंड निवासी गिरजा दीदी वर्ष 2020 से ब्रह्मचर्य व्रत का पालन कर रही हैं, जबकि चेतना दीदी की आध्यात्मिक जीवन के प्रति गहरी रुचि रही है। अलग-अलग शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि से आने वाली इन पांचों बहनों का एक साथ संयम मार्ग चुनना समाज के लिए विशेष प्रेरणा का प्रसंग बन गया है।
22 नवंबर को सोनागिरि में लेंगी जैनेश्वरी दीक्षा
उल्लेखनीय है कि पांचों दीक्षार्थी बहनें आगामी 22 नवंबर को सिद्धक्षेत्र सोनागिरि में श्रमणी गणिनी आर्यिका 105 विशाश्री माताजी के सान्निध्य में आर्यिका जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगी। बड़नगर में निकली बिनौली के माध्यम से समाजजनों ने उनके वैराग्य भाव का अनुमोदन करते हुए संयम जीवन की मंगलमय शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उच्च शिक्षा, प्रतिष्ठित करियर और भौतिक उपलब्धियों के बीच आत्मकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली इन बहनों का निर्णय यह संदेश दे रहा है कि जीवन की सार्थकता केवल सांसारिक सफलता में नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति और मोक्षमार्ग की साधना में भी निहित है।
