गुरु भक्ति और जीवदया के भाव से तैयार हो रहीं मयूर पिच्छिकाएं
गाजियाबाद के कविनगर जैन मंदिर में श्रावक-श्राविकाएं कर रहे पिच्छिका निर्माण की अनूठी सेवा
· आचार्य श्री विनिश्चय सागर जी महाराज के सान्निध्य में चल रहा निर्माण कार्य · ब्रह्मचारी राहुल भैया के निर्देशन में तैयार की जा रही हैं पिच्छिकाएं · श्रावक-श्राविकाएं मोर पंखों को सहेजकर दे रहे पिच्छिका का स्वरूप · संतों और साध्वियों के संयम जीवन के लिए बनाई जा रहीं मयूर पिच्छिकाएं

जैन फोकस
उत्तर प्रदेश- जैन साधु-साध्वियों के संयम जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली मयूर पिच्छिका के निर्माण में गाजियाबाद के श्रावक-श्राविकाएं भक्तिभाव से जुटे हुए हैं। कविनगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य श्री विनिश्चय सागर जी महामुनिराज के सान्निध्य में ब्रह्मचारी राहुल भैया के निर्देशन में पिच्छिका निर्माण का कार्य किया जा रहा है। यहां श्रावक-श्राविकाएं मिलकर लगभग 50 मयूर पिच्छिकाएं तैयार कर रहे हैं।
मोर पंखों को चुनने, व्यवस्थित करने और उन्हें सावधानीपूर्वक जोड़कर पिच्छिका का स्वरूप देने तक प्रत्येक चरण में श्रद्धालुओं की लगन और समर्पण दिखाई दे रहा है। महिलाएं और अन्य श्रावक-श्राविकाएं पूरे मनोयोग से इस सेवा में सहभागी बन रहे हैं।
जैन साधु-साध्वियों के लिए मयूर पिच्छिका संयम और अहिंसा के पालन का महत्वपूर्ण उपकरण है। इसका उपयोग जीवों की रक्षा के भाव से किया जाता है। ऐसे में श्रावक-श्राविकाओं द्वारा अपने हाथों से पिच्छिका तैयार करना गुरु भक्ति, जीवदया और जिनशासन के प्रति समर्पण का माध्यम बन रहा है।
अहिंसा और अपरिग्रह का प्रतीक है मयूर पिच्छी
मयूर पिच्छी जैन साधुओं के लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि वैराग्य, अहिंसा और अपरिग्रह का प्रतीक है। मोर अपने पंख स्वाभाविक रूप से छोड़ता है और इन्हीं गिरे हुए पंखों को एकत्र कर पिच्छी बनाई जाती है। इसे प्राप्त करने के लिए मोर को किसी प्रकार की पीड़ा नहीं पहुंचाई जाती और न ही हिंसा का सहारा लिया जाता है। इस प्रकार मयूर पिच्छी यह संदेश देती है कि जैन साधु का जीवन प्रकृति के प्रति करुणा, जीवमात्र की रक्षा और पूर्ण वैराग्य की भावना पर आधारित है। यह त्याग और अहिंसक जीवनशैली की सुंदर पहचान है।
