हाउस ऑफ लॉर्ड्स में गूंजा जैन दर्शन का अहिंसा और विश्वशांति का संदेश
आचार्य लोकेशमुनिजी ने वैश्विक मंच से शांति, करुणा, सहिष्णुता और आपसी सद्भाव को बताया मानवता की आवश्यकता
· ब्रिटेन की संसद के प्रतिष्ठित सदन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में हुआ विशेष कार्यक्रम · केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित ब्रिटेन के संसद सदस्य रहे उपस्थित · आचार्य लोकेशमुनिजी ने अहिंसा, अनेकांतवाद और संवाद को बताया विश्वशांति का आधार · भारतीय संस्कृति और जैन दर्शन की शिक्षाओं का अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुआ प्रस्तुतीकरण

जैन फोकस
यूनाइटेड किंगडम- ब्रिटेन की संसद के प्रतिष्ठित सदन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में जैन आचार्य लोकेश मुनि जी ने विश्वशांति, अहिंसा और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित ब्रिटेन के संसद सदस्य भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में आचार्य लोकेशजी ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को युद्ध और संघर्ष के बजाय शांति, प्रेम और परस्पर विश्वास की आवश्यकता है। जैन दर्शन का अहिंसा सिद्धांत संपूर्ण मानवता को शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में आचार्य लोकेशजी ने अहिंसा, अनेकांतवाद, करुणा और संवाद को विश्वशांति की स्थापना का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि विचारों में भिन्नता होना स्वाभाविक है, लेकिन परस्पर सम्मान और सहिष्णुता के माध्यम से आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। आज वैश्विक समाज के सामने शांति और सद्भाव बनाए रखना एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है, जिसके लिए मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाना जरूरी है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं ब्रिटेन के संसद सदस्यों की उपस्थिति में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और जैन दर्शन की शिक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। हाउस ऑफ लॉर्ड्स जैसे प्रतिष्ठित सदन से दिया गया यह संदेश भारतीय संस्कृति की शांति, करुणा और वसुधैव कुटुंबकम की भावना को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का माध्यम बना।
