शुक्रवार, 20 नवंबर 2026

जिनवाणी

?? ?? ???, ?? ???

इंदौर में धर्म प्रभावना की सुनामी उठ रही है : मुनिश्री प्रमाणसागर जी

गुणायतन में इंदौर के चक्रवर्ती परिवार ने साझा की चातुर्मास की स्मृतियां, सत्य के मार्ग पर चलने को लेकर हुआ शंका समाधान

·         इंदौर से पहुंचे नवीन-शिवानी गोधा एवं हर्ष-तृप्ति जैन ने किए गुरुदेव के दर्शन। ·         नवीन गोधा जी ने वर्ष 2024 के इंदौर चातुर्मास की स्मृतियां साझा कीं ·         इंदौर को पुनः चातुर्मास का अवसर देने की भावना की व्यक्त ·         सत्य के मार्ग पर आने वाली कठिनाइयों को लेकर हर्ष जैन ने रखा प्रश्न

मुनिश्री प्रमाणसागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लेते इंदौर से पहुंचे चक्रवर्ती परिवार के सदस्य।
मुनिश्री प्रमाणसागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लेते इंदौर से पहुंचे चक्रवर्ती परिवार के सदस्य।

जैन फोकस

झारखंड- विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थराज श्री सम्मेद शिखर जी स्थित गुणायतन परिसर में विराजमान मुनि श्री 108 प्रमाणसागर जी महाराज के सान्निध्य में इंदौर से पहुंचे चक्रवर्ती परिवार ने गुरुदेव के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुणायतन के शिरोमणि संरक्षक श्री नवीन-शिवानी गोधा जी एवं महामंत्री श्री हर्ष-तृप्ति जैन जी का समिति की ओर से स्वागत, सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान वर्ष 2024 के इंदौर चातुर्मास की स्मृतियों के साथ धर्म प्रभावना के कार्यों और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर चर्चा हुई।

स्वागत एवं सम्मान के पश्चात श्री नवीन गोधा जी ने अपने भाव व्यक्त करते हुए वर्ष 2024 के इंदौर चातुर्मास की स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि नवीन गोधा को पहचान देने, संवारने और आगे बढ़ाने में गुरुदेव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज इंदौर में निरंतर हो रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्य भी गुरुदेव की प्रेरणा और आशीर्वाद का परिणाम हैं। उन्होंने गुरुदेव से इंदौर को पुनः चातुर्मास का अवसर प्रदान करने और अधूरे धार्मिक कार्यों को पूर्ण करने की भावना व्यक्त की।

इसके पश्चात महामंत्री श्री हर्ष जैन ने गुरुदेव के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रश्न रखा। उन्होंने पूछा कि जैन धर्म सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, लेकिन वर्तमान सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों में सत्य बोलने वाले व्यक्ति को कई बार आलोचना और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति को किस प्रकार सत्य के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए?

दोनों के भावों और प्रश्नों का समाधान करते हुए मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज ने सर्वप्रथम इंदौर की पूरी टीम के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर में पहली बार जाने पर ही टीम ने अपनी अमिट छाप छोड़ी थी। सभी ने एक ही सूत्र अपनाया कि गुरु से जो निर्देश मिले हैं, उनका पूरी निष्ठा से पालन करना है। इसी समर्पण का परिणाम है कि आज इंदौर में धर्म प्रभावना की सुनामी उठ रही है।

इंदौर में पुनः चातुर्मास की भावना पर गुरुदेव ने रोचक उदाहरण देते हुए कहा कि जब परीक्षा में कोई प्रश्न छूट जाता है, तो पूरी परीक्षा दोबारा देने की आवश्यकता नहीं होती, सप्लीमेंट्री से भी काम चल जाता है। इसलिए पहले अपने अधूरे कार्यों की सप्लीमेंट्री पूरी कर लीजिए, फिर आगे की अर्जी लगाइए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरु केवल प्रेरणा देते हैं, उस प्रेरणा को साकार करने की जिम्मेदारी शिष्यों की होती है। हर कार्य के लिए गुरु का वहां उपस्थित होना जरूरी नहीं, बल्कि काम करने वाला होना चाहिए।

गुरुदेव के इन प्रेरणादायी विचारों ने इंदौर से पहुंचे प्रतिनिधियों को धर्म प्रभावना के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ने, अधूरे कार्यों को पूरा करने और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश दिया।