जैन पाठशाला के संस्कार जीवन की हर परीक्षा में दिलाते हैं सफलता : मुनि श्री निर्णय सागर महाराज
जैन फोकस
विदिशा- मुनि श्री 108 निर्णय सागर महाराज के सान्निध्य में ज्ञान प्रकाशनीय दिगंबर जैन पाठशाला के सौजन्य से विद्यार्थियों का सम्मान एवं पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम मनीष जैन ने 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर मुनि श्री निर्णय सागर महाराज ने कहा कि पाठशाला में मिलने वाली धार्मिक शिक्षा जीवन की हर परीक्षा में उपयोगी सिद्ध होती है। उन्होंने बच्चों को नियमित पाठशाला आने, मंदिर जाने, अहिंसा, संयम और दया धर्म अपनाने की प्रेरणा दी। मुनि श्री ने कहा कि प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम से साधारण परिस्थितियों में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
एसडीएम मनीष जैन ने विद्यार्थियों के अनुशासन और धार्मिक संस्कारों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज, शीतल विहार न्यास, समग्र पाठशाला समिति एवं अरिहंत विहार दिगंबर जैन मंदिर के पदाधिकारियों ने सहयोग किया।
