साधना से साधा कर्नाटक सरकार पर निशाना
किसानों के हक में 14वें दिन जारी रहा आचार्य श्री कुलरत्नभूषण महाराज का उपवास
फसल का उचित मूल्य और किसानों के सामाजिक सम्मान की मांग को लेकर जारी है जैन संत की अनूठी साधना
• कर्नाटक के श्रीक्षेत्र भाद्रगिरि, हलंगली में आचार्य श्री की उपवास साधना जारी • किसानों के राष्ट्रव्यापी और राज्यव्यापी आंदोलनों के समर्थन में लिया उपवास का संकल्प • किसानों को अपनी फसल का मूल्य तय करने का अधिकार देने की उठाई मांग • समाज के अनुरोध के बावजूद किसानों के समर्थन में साधना रखी जारी

जैन फोकस
कर्नाटक- किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरता है, लेकिन जब उसकी उपज का उचित मूल्य और सामाजिक सम्मान देने की बात आती है, तो सवाल खड़े हो जाते हैं। किसानों की इन्हीं समस्याओं और अधिकारों के समर्थन में कर्नाटक के श्रीक्षेत्र भाद्रगिरि, हलंगली में आचार्य श्री 108 कुलरत्नभूषण मुनि महाराज का उपवास लगातार जारी है। किसानों के राष्ट्रव्यापी और राज्यव्यापी आंदोलनों के समर्थन में आचार्य श्री के उपवास का 14वां दिन पूरा हो चुका है।
आचार्य श्री ने किसानों की मेहनत और उनकी उपज के मूल्य को लेकर कहा कि जब बाजार में दूसरी वस्तुओं के दाम निर्धारित किए जाते हैं, तो किसान की फसल का मूल्य तय करने का अधिकार भी किसान को मिलना चाहिए। सरकार को सभी फसलों का उचित समर्थन मूल्य घोषित करना चाहिए, ताकि अन्नदाता को अपनी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।
आचार्य श्री ने किसानों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ द्वारा बताई गई कृषि पद्धति का उल्लेख करते हुए उन्होंने जैन विकास निगम मंडल के गठन की आवश्यकता पर भी अपने विचार रखे। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रावक-श्राविकाओं ने आचार्य श्री से उपवास समाप्त करने का विनम्र अनुरोध किया, लेकिन किसानों के समर्थन में उनकी उपवास साधना अनवरत है। इस मामले में श्री दिगम्बर जैन ग्लोबल महासभा ने चिंता व्यक्त की है।
