कॉर्पोरेट जगत में पहचान, मन में वैराग्य के भाव... गुरुचरणों में मना जन्मदिन बना चर्चा का विषय
सीकर की मेघा बड़जात्या ने परिवार सहित आचार्य श्री वर्धमान सागर जी के चरणों में मनाया 27वां जन्मदिवस, अष्टद्रव्यों से किया पूजन

जैन फोकस
राजस्थान- आज के दौर में जहां युवा पीढ़ी करियर, सफलता और भौतिक उपलब्धियों की दौड़ में आगे बढ़ रही है, वहीं सीकर की 27 वर्षीय मेघा बड़जात्या के जीवन में धर्म, गुरु भक्ति और वैराग्य के भाव चर्चा का विषय बने हुए हैं। कॉर्पोरेट जगत में अपनी पहचान बनाने वाली मेघा ने अपने 27वें जन्मदिवस को धार्मिक आराधना और गुरु सान्निध्य के साथ मनाया। 31 अक्टूबर को उन्होंने परिवार सहित वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान जिनेंद्र देव की अष्टद्रव्य से पूजन-अर्चना की।
मेघा बड़जात्या सीकर निवासी श्रीमान राजेश एवं श्रीमती ममता बड़जात्या की सुपुत्री हैं। वर्तमान में वे स्ट्रैटेजिक ग्रोथ एडवाइजर्स में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उनका पेशेवर कार्य प्रतिष्ठित कंपनियों के सीईओ और संस्थापकों को मीडिया संवाद एवं साक्षात्कार के लिए तैयार करने तथा वरिष्ठ कॉर्पोरेट नेतृत्व को मीडिया प्रशिक्षण देने से जुड़ा है।
आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज ससंघ इन दिनों सीकर स्थित श्री पार्श्वनाथ भवन दंग की नसिया के आचार्य श्री धर्मसागर सभागार में विराजमान हैं। इसी दौरान मेघा ने अपने परिवार के साथ आचार्य श्री के पावन सान्निध्य में भगवान जिनेंद्र देव की विधिवत अष्टद्रव्य पूजन की और गुरु चरणों में श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित की। इतना ही नहीं मेघा बड़जात्या ने भजनों के माध्यम से अपने भाव भी व्यक्त किए।
मेघा बड़जात्या के इस प्रसंग को लेकर आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज ने भी अपने मंगल प्रवचनों में युवा पीढ़ी के जीवन मूल्यों, धर्म और आध्यात्मिक चिंतन के महत्व पर विचार व्यक्त किए। आचार्य श्री के प्रवचनों में सांसारिक उपलब्धियों के साथ धर्म, संस्कार और आत्मकल्याण की भावना को भी जीवन में महत्वपूर्ण बताया गया।
आचार्य श्री के सान्निध्य में मेघा के मन में जागृत हो रहे वैराग्य भावों की समाजजनों द्वारा अनुमोदना की जा रही है। उनके आध्यात्मिक चिंतन और भावों की दृढ़ता के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। कॉर्पोरेट जीवन की व्यस्तताओं के बीच धर्म और आत्मकल्याण की ओर बढ़ता उनका झुकाव युवा पीढ़ी के लिए भी चिंतन का विषय बन रहा है।
