लखनऊ में छह दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारियां तेज
25वें रजत जयंती वर्ष पर होगा श्री आदिवीर चौबीसी एवं मानस्तंभ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव
· 11 से 16 नवंबर तक होंगे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पंचकल्याणक की क्रियाएं · मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ का मिलेगा पावन सान्निध्य · 15 नवंबर को विश्वविख्यात कवि सम्मेलन और 16 नवंबर को निकलेगी विशाल रथयात्रा

जैन फोकस
उत्तर प्रदेश- लखनऊ के आशियाना स्थित श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर के 25वें रजत जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर श्री आदिवीर चौबीसी एवं मानस्तंभ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 11 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय महोत्सव में मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में पंचकल्याणक से जुड़े विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए कई विशेष कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं।
महोत्सव का शुभारंभ 11 नवंबर को गर्भकल्याणक पूर्व रूप की धार्मिक क्रियाओं के साथ होगा। इस दिन देवाज्ञा, गुरुआज्ञा, घटयात्रा, जुलूस, श्रीजी शोभायात्रा, भूमि शुद्धि, मंडप उद्घाटन, संघ का मंगल प्रवेश एवं श्रीजी स्थापना जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही ध्वजारोहण, आचार्य निमंत्रण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, उपाध्याय श्री की दिव्य देशना और आहारचर्या भी निर्धारित है। 12 नवंबर को गर्भकल्याणक उत्तर रूप के अंतर्गत जिनाभिषेक, नित्ययार्चन, गर्भकल्याणक पूजन, शांति हवन, प्रवचन सभा, सीमंतनी क्रियाएं और अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
13 नवंबर को जन्मकल्याणक के अवसर पर तीर्थंकर बालक का जन्मोत्सव, अयोध्या नगरी में बधाइयां, नृत्य, सौधर्म इंद्र सभा और नगर में आगमन से जुड़े आयोजन होंगे। वहीं 14 नवंबर को तपकल्याणक के अंतर्गत जिनाभिषेक, नित्ययार्चन, शांति हवन, बालक्रीड़ा का मनोहारी दृश्य, प्रवचन सभा और तपकल्याणक पूजन होगा। इसी दिन दोपहर में भव्य पिच्छिका परिवर्तन का कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण रहेगा।
15 नवंबर को ज्ञानकल्याणक के अवसर पर जिनाभिषेक, नित्ययार्चन, तपकल्याणक पूजन, शांति हवन, प्रवचन सभा, आहारचर्या, दीक्षा विधि और अंकन्यास संस्कारोपण की क्रियाएं संपन्न होंगी। इस दिन विश्वविख्यात कवि सम्मेलन का आयोजन भी रखा गया है। 16 नवंबर को मोक्षकल्याणक के अवसर पर जिनाभिषेक, नित्ययार्चन, जायाभिषेक, भगवान को कैलाश पर्वत से निर्वाण की प्राप्ति, निर्वाण लाडू और निर्वाण संस्कार सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इस दिन विशाल रथयात्रा के साथ मंदिर के चौबीसी मानस्तंभ में जिनबिंब स्थापना भी की जाएगी।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन उपाध्याय श्री की दिव्य देशना, महाआरती और शास्त्रसभा जैसे कार्यक्रम भी होंगे। वहीं 16 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 37 मिनट पर उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ का लखनऊ से श्री सम्मेद शिखर जी के लिए मंगल विहार प्रस्तावित है। छह दिवसीय यह आयोजन मंदिर के रजत जयंती वर्ष को धार्मिक और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाने का विशेष अवसर बनेगा।
