पांच दिनों से निर्जल साधना में लीन आर्यिका जिनेशमति माताजी
सीकर में आचार्य वर्धमान सागर जी के चातुर्मास के दौरान आर्यिका श्री ने ली की यम संलेखना

जैन फोकस
राजस्थान- सीकर में वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के चातुर्मास के दौरान आर्यिका श्री जिनेशमति माताजी यम संलेखना की साधना कर रही हैं। आचार्य श्री के सान्निध्य एवं प्रेरणा से उन्होंने चारों प्रकार के आहार का त्याग किया है। पहले वे केवल जल ग्रहण कर रही थीं, लेकिन अब उन्होंने जल का भी पूर्ण रूप से त्याग कर दिया है। पिछले पांच दिनों से उनके निर्जल उपवास चल रहे हैं।
आर्यिकाश्री जिनेशमति माताजी की यह साधना जैन धर्म की तप, त्याग, वैराग्य और आत्मसंयम की परंपरा से जुड़ी है। आहार का क्रमशः त्याग करने के बाद जल का भी त्याग कर उन्होंने अपनी साधना को आगे बढ़ाया है।
आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के चातुर्मास के दौरान संघ में चल रही इस आध्यात्मिक साधना को लेकर श्रद्धालुओं में अनुमोदना के भाव हैं।
