पुष्पगिरि तीर्थ में कल ‘हर मास, एक उपवास’ का 12वां महाआयोजन
आचार्य पुष्पदंत सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं पट्टाचार्य प्रसन्नसागर जी महाराज के सान्निध्य में जुटेंगे धर्मानुरागी
· · ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर विशेष प्रतियोगिता भी होगी आयोजित सोनकच्छ स्थित पुष्पगिरि तीर्थ में होगा भव्य आयोजन पंडित विजय शंकर मेहता एवं सुलभ शांतु गुरुजी की रहेगी विशेष उपस्थिति
जैन फोकस
मध्यप्रदेश- सोनकच्छ स्थित पुष्पगिरि तीर्थ में 7 नवंबर को ‘हर मास, एक उपवास’ अभियान का 12वां महाआयोजन आयोजित होने जा रहा है। पुष्पगिरि तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं पट्टाचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन में तप, त्याग, संयम और आध्यात्मिक जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर पंडित श्री विजय शंकर मेहता एवं श्री सुलभ शांतु गुरुजी की विशेष उपस्थिति रहेगी। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ एंकर श्री सैयद अंसारी को आमंत्रित किया गया है। आयोजन के माध्यम से उपवास की आध्यात्मिक महत्ता और नियमित तपस्या को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता भी रहेगी। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत करने की व्यवस्था भी रखी गई है।
