शाश्वत तीर्थ अयोध्या में पहली बार 1008 श्रद्धालु करेंगे कल्पद्रुम महामंडल विधान
दिगंबर जैन युवा परिषद के स्वर्ण जयंती वर्ष पर 28 दिसंबर से पांच दिवसीय आयोजन, पांच तीर्थंकरों के समवशरण की होगी भव्य रचना
· 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक होगा श्री कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ · गणिनीप्रमुख आर्यिकारत्न श्री ज्ञानमती माताजी की प्रेरणा से आयोजित होगा ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान · पहली बार पांच तीर्थंकरों के समवशरण की रचना के साथ 1008 श्रद्धालु करेंगे विधान

जैन फोकस
उत्तर प्रदेश- भगवान ऋषभदेव सहित पांच तीर्थंकरों की जन्मभूमि शाश्वत तीर्थ अयोध्या में जैन धर्म के इतिहास में एक विशेष धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पहली बार पांच तीर्थंकरों के समवशरण की भव्य रचना के साथ पांच दिवसीय श्री कल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देशभर से 1008 श्रद्धालुओं के सहभागी बनने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि बड़ी मूर्ति, अयोध्या में संपन्न होगा।
गणिनी प्रमुख आर्यिका रत्नश्री ज्ञानमती माताजी की प्रेरणा से होगा आयोजन
इस भव्य आयोजन की प्रेरणास्रोत अयोध्या तीर्थ विकास एवं विश्व की सबसे बड़ी 108 फीट प्रतिमा निर्माण की प्रेरणास्रोत गणिनीप्रमुख आर्यिका रत्नश्री ज्ञानमती माताजी रहेंगी। वहीं आयोजन में आर्यिका श्री चंदनामती माताजी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम का निर्देशन कर्मयोगी पीठाधीश स्वस्तिश्री रविंद्रकीर्ति स्वामी जी करेंगे। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद एवं मां ज्ञानमती यात्रा संघ, टीकमगढ़ की ओर से इस आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। परिषद की ओर से बताया गया है कि टीकमगढ़ की ओर से अवध प्रांत में पहली बार इस स्तर का आयोजन किया जा रहा है।
पांच तीर्थंकरों के समवशरण की होगी रचना
आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि पांच तीर्थंकरों के समवशरण की रचना के साथ कल्पद्रुम महामंडल विधान संपन्न होगा। शाश्वत तीर्थ अयोध्या में 1008 श्रद्धालुओं को एक साथ विधान में बैठकर पुण्यार्जन करने का अवसर प्राप्त होगा। आयोजकों ने इसे धर्माराधना के साथ तीर्थ की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता से जुड़ने का विशेष अवसर बताया है।
श्रद्धालुओं के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था
विधान में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन एवं पूजन सामग्री की व्यवस्था आयोजक समिति की ओर से की जाएगी। विधान के मुख्य पात्रों का चयन निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा। आयोजकों ने विधान में सहभागी बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं से 30 नवंबर तक अपना नाम लिखवाने का आग्रह किया है, ताकि व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जा सकें।
इस आयोजन के माध्यम से अयोध्या की पावन धरती पर पांच तीर्थंकरों की आराधना, समवशरण रचना और विश्वशांति महायज्ञ के जरिए धर्मप्रभावना का विशेष अवसर निर्मित होने जा रहा है।
