श्री सम्मेद शिखरजी की पवित्रता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल
राज्य सरकार और प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने का राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से किया आग्रह
· श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में की मुलाकात · तीर्थराज की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक स्वरूप की रक्षा के लिए सौंपा ज्ञापन · पर्वतराज पर सुरक्षा, प्रवेश मार्गों की निगरानी बढ़ाने की मांग

जैन फोकस
झारखंड- राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित लोक भवन में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह जिले में स्थित जैन धर्म के पवित्र तीर्थराज पर्वत श्री सम्मेद शिखरजी की धार्मिक पवित्रता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्री सम्मेद शिखरजी जैन धर्म का सर्वोच्च तीर्थ है। जैन मान्यता के अनुसार, 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों सहित अनेक सिद्धात्माओं ने इसी पावन पर्वतराज से मोक्ष प्राप्त किया। यह तीर्थ करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की आस्था और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
प्रतिनिधिमंडल ने तीर्थराज की धार्मिक गरिमा एवं प्राकृतिक स्वरूप की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने, पर्वतराज और तीर्थ क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा प्रवेश मार्गों पर जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने और स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस संवेदनशील विषय पर राज्य सरकार एवं संबंधित प्रशासन को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु निर्भीक होकर पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ तीर्थराज की वंदना कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल में श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासभा, दिल्ली के अध्यक्ष गजराज गंगवाल एवं संयुक्त महामंत्री संजय पाटनी, दिगंबर जैन पंचायत रांची के अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री जितेंद्र छाबड़ा, पूर्व अध्यक्ष पूरणमल सेठी, नरेंद्र गंगवाल एवं उम्मेदमल जी काला शामिल रहे।
