श्रीक्षेत्र कुंथूगिरी में होगा दस दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पंचकल्याणक महोत्सव
गणधराचार्य कुंथुसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में 8 से 17 फरवरी 2027 तक होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान
पंचकल्याणक प्रतिष्ठा, महामस्तकाभिषेक और विश्व शांति महायज्ञ का होगा आयोजन भगवान बाहुबली की 31 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण एवं अभिषेक होगा 23 पार्श्वनाथ प्रतिमाओं की स्थापना और 24 जिन प्रतिमाओं का होगा अभिषेक 31 फीट ऊंचे मानस्तंभ का भव्य अभिषेक भी होगा
जैन फोकस
महाराष्ट्र-
कोल्हापुर की पावन धरा श्रीक्षेत्र कुंथूगिरी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय धार्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। भारत गौरव गणधराचार्य श्री 108 कुंथुसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में वर्ष 2027 में 8 से 17 फरवरी तक दस दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, महामस्तकाभिषेक एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य आयोजन होगा। इस महोत्सव में भगवान बाहुबली की 31 फीट ऊंची प्रतिमा सहित अनेक ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।
कुंथूगिरी में आयोजित होने जा रहा यह महोत्सव भक्ति, तप, साधना और अध्यात्म का विराट संगम बनेगा। इस आयोजन में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचेंगे। महोत्सव के अंतर्गत भगवान 1008 श्री पार्श्वनाथ का पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न होगा। इसके साथ ही भगवान बाहुबली की 31 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा का निर्माण एवं अभिषेक, 23 पार्श्वनाथ भगवान की प्रतिमाओं की स्थापना और लघु सम्मेद शिखरजी स्थित 24 जिन प्रतिमाओं का अभिषेक किया जाएगा।
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में भगवान आदिनाथ जी का महामस्तकाभिषेक, 31 फीट ऊंचे मानस्तंभ का भव्य अभिषेक और आचार्य भगवंत की प्रतिमा स्थापना भी विशेष आकर्षण होंगे। इन सभी धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से दस दिनों तक श्रीक्षेत्र कुंथूगिरी की धरा धर्म और अध्यात्म के रंग में सराबोर होगी।
