सिद्धक्षेत्र गुणावां : 108 दीपों से जगमग होगा प्रभु गौतम गणधर स्वामी मंदिर
भगवान महावीर स्वामी के 2552वें निर्वाण महोत्सव पर होगी दीपों की भव्य जगमगाहट, 9 नवंबर को होगा विशेष आयोजन
जैन फोकस
बिहार- भगवान महावीर स्वामी के 2552वें निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर नवादा स्थित सिद्धक्षेत्र श्री गुणावां जी में भक्ति और दीपों की अनुपम छटा देखने को मिलेगी। यहां प्रथम गणधर शिष्य श्री गौतम गणधर स्वामी के केवलज्ञान कल्याणक दिवस को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाने के लिए 108 दीपों से भव्य दीप सज्जा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 9 नवंबर 2026 शाम सात बजे श्री गौतम गणधर स्वामी मंदिर जी में होगा।
जैन शास्त्रों के अनुसार, वर्तमान शासन नायक 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के प्रथम गणधर शिष्य श्री गौतम गणधर स्वामी को गुणावां सिद्धक्षेत्र में केवलज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसी पावन स्मृति में यहां केवलज्ञान कल्याणक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के साथ इस आयोजन का विशेष आध्यात्मिक महत्व है।
आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर परिसर में 108 दीपकों से जगमगाती दीप सज्जा की जाएगी। आयोजकों ने धर्मानुरागी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनकर दीप सज्जा के पुण्यार्जक बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। श्रद्धालु इस आयोजन के माध्यम से भगवान गौतम गणधर स्वामी के केवलज्ञान कल्याणक की स्मृति को भक्तिमय एवं मंगलमय बनाने में सहभागी बन सकेंगे।
