शुक्रवार, 20 नवंबर 2026

जिनवाणी

?? ?? ???, ?? ???

तुमकुर में जैन पत्रकारिता की भूमिका पर हुई विचार-संगोष्ठी

आचार्यश्री प्रमुख सागर जी महाराज के 31वें पुष्प वर्षायोग के अंतर्गत धर्म, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण पर हुआ मंथन

• पत्रकारों ने जैन धर्म की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर रखे विचार • आगामी दीक्षा लेने वाले ब्रह्मचारी दर्शन भैया और ब्रह्मचारिणी दीदियां रहीं उपस्थित • ब्रह्मचारी जय कुमार भैया की गोदभराई का मांगलिक कार्यक्रम भी हुआ संपन्न

पत्रकार विचार-संगोष्ठी के दौरान अपने विचार व्यक्त करते एक पत्रकार।
पत्रकार विचार-संगोष्ठी के दौरान अपने विचार व्यक्त करते एक पत्रकार।

जैन फोकस

कर्नाटक- धर्म, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका को लेकर तुमकुर स्थित जैन भवन में पत्रकारों की विशेष विचार-संगोष्ठी आयोजित की गई। यह आयोजन आचार्यश्री 108 प्रमुख सागर जी महाराज एवं संघ के 31वें पुष्प वर्षायोग के अंतर्गत चल रही धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। संगोष्ठी में पत्रकारों और वक्ताओं ने जैन धर्म की गौरवशाली परंपराओं, सिद्धांतों और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने में जैन पत्रकारिता के महत्व पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं आचार्यश्री के पाद प्रक्षालन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों और गणमान्यजनों का आयोजकों की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

विचार-संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि जैन धर्म की शिक्षाओं, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में पत्रकारिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और धर्म के सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर आगामी दिनों में दीक्षा ग्रहण करने वाले ब्रह्मचारी दर्शन भैया, ब्रह्मचारिणी रचना दीदी, ब्रह्मचारिणी उर्मिला दीदी एवं ब्रह्मचारिणी सुशीला दीदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी आगामी दीक्षा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मचारी जय कुमार भैया की गोदभराई का मांगलिक कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

वर्षायोग के अंतर्गत अगले दिन भी पत्रकारों की विशेष विचार-संगोष्ठी जारी रही। इस दौरान पत्रकारों ने अपने विचार साझा करते हुए जैन धर्म की शिक्षाओं और संस्कारों को पत्रकारिता के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने तथा भावी पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया।