वैद्यराज सुशील कुमार शाह ‘पापा साहब’ के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन
98वीं जन्म जयंती पर आरोग्य भारती समिति ने आयोजित किया समारोह, चिकित्सा सेवा और मानवीय योगदान को किया याद
• जयपुर के तोतूका सभागार में हुआ स्मृति ग्रंथ का लोकार्पण • गणमान्य अतिथियों ने वैद्यराज पापा साहब के जीवन और कार्यों को किया स्मरण • विभिन्न धर्मों के साधु-संतों और महापुरुषों के संदेश भी ग्रंथ में शामिल • सैकड़ों लेखकों के लेखों के माध्यम से संजोई गईं प्रेरणादायी स्मृतियां

जैन फोकस
जयपुर, राजस्थान-
सेवा, चिकित्सा और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रख्यात वैद्यराज स्वर्गीय सुशील कुमार शाह ‘पापा साहब’ के जीवन और कार्यों को स्मृति ग्रंथ के माध्यम से संजोया गया है। उनकी 98वीं जन्म जयंती के अवसर पर एक नवंबर को आरोग्य भारती समिति की ओर से जयपुर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को समर्पित स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया गया। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने पापा साहब के जीवन को समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
जयपुर के नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारक जी की नसियां के तोतूका सभागार में आयोजित समारोह में भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहित गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वीर विक्रम यादव भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आरोग्य भारती के बच्चों ने मंगल वंदना प्रस्तुत की। स्मृति ग्रंथ में वैद्यराज सुशील कुमार शाह ‘पापा साहब’ के जीवन, चिकित्सा सेवा, मानवीय संवेदनाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को संकलित किया गया है। ग्रंथ में संपादक एवं प्रबंध संपादक के योगदान के साथ विभिन्न धर्मों के साधु-संतों और महापुरुषों के संदेश तथा सैकड़ों लेखकों के लेख शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य उनके प्रेरणादायी जीवन और सेवा कार्यों की स्मृतियों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
