वंडर सीमेंट सुर विद्या जूनियर में शुरू होगा ‘सुरों का सफर’, दर्शक कर सकेंगे पसंदीदा प्रतिभागियों को वोट
6 और 7 नवंबर को जिनवाणी चैनल पर प्रसारित होंगे विशेष एपिसोड, 6 नवंबर से ऐप पर शुरू होगी वोटिंग
· ‘सुरों का सफर’ के अंतर्गत चार विशेष एपिसोड होंगे प्रसारित · टॉप 6 प्रतिभागियों की ग्राउंड ऑडिशन से सेमीफाइनल तक की प्रस्तुतियां फिर देख सकेंगे दर्शक · सौम्या, अतिशय, विधिशा, तिथि, ओनिक और स्वरा की गायकी बनेगी आकर्षण · प्रत्येक एपिसोड के लिए दर्शकों को एक वोट देने का अवसर मिलेगा
जैन फोकस
आगरा- नन्हे सुर-साधकों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने और दर्शकों को अपने पसंदीदा कलाकार का समर्थन करने का अवसर देने के उद्देश्य से ‘वंडर सीमेंट सुर विद्या जूनियर’ में अब ‘सुरों का सफर’ शुरू होने जा रहा है। इसके अंतर्गत शो के छह प्रतिभागियों सौम्या जैन, अतिशय जैन, विधिशा जैन, तिथि जैन, ओनिक जैन और स्वरा जैन की अब तक की गायन प्रस्तुतियों को दर्शक एक बार फिर देख सकेंगे। साथ ही उनकी गायकी और प्रदर्शन के आधार पर अपने पसंदीदा प्रतिभागी के लिए वोट भी कर सकेंगे।
जिनवाणी चैनल पर प्रसारित होने वाले ‘सुरों का सफर’ के अंतर्गत कुल चार विशेष एपिसोड प्रसारित किए जाएंगे। इनमें टॉप 6 प्रतिभागियों के ग्राउंड ऑडिशन से लेकर सेमीफाइनल तक के सुरीले सफर की झलक देखने को मिलेगी। इस पहल के माध्यम से दर्शकों को बच्चों की प्रस्तुतियों को दोबारा देखने के साथ ही अपनी पसंद के कलाकार का उत्साहवर्धन करने का अवसर मिलेगा।
इस क्रम में एपिसोड 21 और 22 का प्रसारण 6 और 7 नवंबर को रात 9:40 बजे केवल जिनवाणी चैनल पर होगा। इन दोनों एपिसोड में सभी छह प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। वहीं, 6 नवंबर से जिनवाणी चैनल ऐप पर वोटिंग की शुरुआत होगी।
वोटिंग में हिस्सा लेने के लिए दर्शकों को अपने मोबाइल में जिनवाणी चैनल ऐप डाउनलोड या ओपन करना होगा। इसके बाद होम स्क्रीन पर ‘वंडर सीमेंट सुर विद्या जूनियर’ के आइकॉन पर क्लिक करने पर ‘सुरों का सफर’ और ‘वोटिंग’ के दो सेक्शन दिखाई देंगे। ‘सुरों का सफर’ में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां देखी जा सकेंगी, जबकि ‘वोटिंग’ सेक्शन में उनके नाम और तस्वीरें उपलब्ध होंगी।
दर्शक अपनी पसंद के प्रतिभागी की तस्वीर चुनकर ‘सबमिट’ पर क्लिक करते हुए वोट दर्ज कर सकेंगे। प्रत्येक एपिसोड के लिए एक वोट देने का अवसर मिलेगा। संबंधित एपिसोड के प्रसारण के साथ उसकी प्रस्तुतियां और वोटिंग ऐप के संबंधित सेक्शन में उपलब्ध होती जाएंगी।
इस प्रकार ‘सुरों का सफर’ नन्हे कलाकारों की प्रतिभा को फिर से देखने और उन्हें दर्शकों का समर्थन दिलाने का अवसर बनेगा।
